मझगईं परिक्षेत्र में बाइक जुलूस निकाल रहे तीन प्रधान प्रत्याशियों पर पुलिस ने आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है।
एसओ केपी सिंह ने बताया कि मझगईं की महिला प्रत्याशी इरफाना बानो के पति अख्तर पुत्र हसन मोहम्मद, नौगवां के विष्णुपुर ग्राम पंचायत से प्रधानी चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी इसरार पुत्र दिलदार और भूमि सरन पुत्र जाली अपने तमाम समर्थकों के गांव में बाइक जुलूस निकालकर वोट मांग रहे थे।
जानकारी पर मझगईं चौकी इंचार्ज ऋषिदेव दलबल समेत वहां पहुंचे तो प्रत्याशी और समर्थक भाग निकले। मिली बाइकों के टायरों की हवा निकाल दी गई और चौकी इंचार्ज की तहरीर पर तीनों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। चार्जशीट जल्द ही निर्वाचन आयोग को भेज दी जाएगी। वहीं चुनाव अधिकारी राजेश कुमार यादव ने बताया कि आचार संहिता का पालन करवाना पुलिस की जिम्मेदारी है। शनिवार को भी पुलिस देवीपुर गजरौरा में प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के खिलाफ यह मुकदमा दर्ज कर चुकी है।