- शहर में कई संभावित स्थानों पर की छापेमारी
- पुलिस के हाथ नहीं लगे आरोपी
कपड़े की फेरी लगाकर दो युवक छत्तीसगढ़ के जिला धनतरी के अलग-अलग गांवों की दो किशोरियों को प्रेमजाल में फंसाकर उन्हें लेकर भाग निकले। सर्विलांस की मदद से खीरी पहुंची छत्तीसगढ़ की पुलिस ने पहले सीतापुर जिले के थाना और कस्बा हरगांव उसके बाद शहर में छापे मारे, लेकिन न तो आरोपी पुलिस के हाथ लगे और न हीं दोनों किशोरियां बरामद हुई हैं।
छत्तीसगढ़ प्रदेश के जिला धनतरी के थाना धनतरी के एसआई हेमंत पटेल के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम शहर कोतवाली पहुंची। एसआई हेमंत पटेल ने बताया कि सीतापुर जिले के थाना हरगांव क्षेत्र के मुस्लिम बिरादरी के दो युवक फेरी लगाकर कपड़े बेचते थे। दोनों आरोपियों ने स्कूल आते-जाते समय 15 वर्षीय और 16 वर्षीय छात्राओं को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और वहां से दोनों को बहला फुसलाकर ले आए। पहली अगस्त को लड़कियों के पिता द्वारा थाना धनतरी पर दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि सर्विलांस से दोनों युवकों के नाम-पते पुलिस ने ट्रेस किए और पहले हरगांव पुलिस को साथ लेकर आरोपियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन आरोपियों के न मिलने से पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। इसके बाद टीम लखीमपुर सदर कोतवाली पहुंची और आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन यहां भी न तो आरोपी मिले और न ही किशोरियां बरामद हुईं। एसआई हेमंत पटेल ने बताया कि किशोरियां खीरी जिले में ही कहीं छिपाकर रखी गई हैं। जिन्हें पुलिस बरामद करने का प्रयास कर रही है।