संपूर्णानगर क्षेत्र में मिर्चिया एसएसबी ने गश्त के दौरान लगभग 895 पैकेट नेपाली गुटखा बरामद किया है। तस्कर मौके पर अपनी साइकिलें छोड़कर फरार हो गए। एसएसबी ने चार साइकिलों व गुटखा को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया है।
उधर गौरीफंटा एसएसबी ने गदनियां चौराहे पर गश्त के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में लदी सौ बोरी खाद बरामद की है।
मिर्चिया एसएसबी के एसआई परवीन राय, फूलबाग यादव, धनंजय कुमार सिंह, डीके तिवारी, आशीष शर्मा, विनय कुमार कुंज आदि जवानों ने बीती रात गश्त के दौरान चार साइकिलों से बोरियों में लादकर ले जाए जा रहे 895 पैकेट पुकार गुटखा बरामद किया। तस्कर अपनी साइकिलें छोड़कर फरार हो गए।
एसएसबी ने बरामद माल को कस्टम के सुपुर्द कर दिया है। बरामद गुटखा की अनुमानित कीमत लगभग 81 हजार रुपये बताई जा रही है। उधर गौरीफंटा एसएसबी की गदनियां बीओपी के जवानों ने गदनियां चौराहे पर सुबह पांच बजे गश्त के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सौ बोरी खाद बरामद की है। एसएसबी ने बरामद खाद कस्टम के सुपुर्द कर दी है।