फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हत्या और लूट के इरादे से आए दो बदमाश दबोचे

Mon, 27 Jul 2015 11:46 PM IST
गोला गोकर्णनाथ।
विज्ञापन
विज्ञापन
नगर के मोहल्ला नीची भूड़ निवासी प्रमुख व्यवसायी कन्हैयालाल अग्रवाल के घर सुबह सात बजे चार सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाश लूट की खातिर हत्या को अंजाम देने की तैयारी से आए थे। मोहल्लेवालों ने दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि उनके दो साथी भाग जाने में सफल हो गए। पकड़े गए बदमाशों से तमंचे और चाकू बरामद हुए हैं।  
विज्ञापन

व्यवसायी कन्हैयालाल अग्रवाल ने बताया कि सुबह वह सात बजे मार्निंगवाक से लौटे थे कि पीछे से असलहे लिए चार बदमाश घर के अंदर प्रवेश कर गए। बदमाशों ने उन्हें, उनके पुत्र तुषार अग्रवाल और बहू को एक कमरे में बंद कर दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने तुषार के सिर पर तमंचे की बट से वार कर चोटिल कर दिया। बदमाशों ने कन्हैयालाल के पांच वर्षीय पौत्र कृष्णा को तमंचा लगाकर गोली मारने की धमकी दी। भयभीत होकर परिवार वाले शांत हो गए। बदमाशों ने जेवर और नकदी लूटना शुरू कर दिया। जिस कमरे में बदमाशों ने परिवार के लोगों को बंद किया था, उस कमरे में रखे मोबाइल से व्यवसायी ने पड़ोसी राकेश राज के घर पर फोन किया। सूचना पर राकेश राज के भाई राजेश राज उनके घर पहुंचे तो बदमाशों ने उन्हें भी दबोच लिया। तुषार ने दोबारा पड़ोसी को फोन कर कहा कि घर के अंदर बदमाशों के लूटपाट करने की मोहल्ले में जानकारी दे दें। पड़ोसी ने मोहल्ले के लोगों को अग्रवाल के घर पर बदमाशों के लूटपाट किए जाने की सूचना दी, जिस पर वहां तमाम लोग एकत्र हो गए।
पड़ोसी अजय शुक्ला, जन्ने खां आदि मकान के अंदर घुस गए। बदमाशों ने फायर कर अजय शुक्ला को घायल कर दिया। भीड़ ने राजेंद्र भुर्जी निवासी मालीपुर और शिवचरन निवासी रामनगर थाना नीमगांव को दबोच लिया, जबकि दो बदमाश भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों की लोगों ने जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने कबूल किया कि भागने वाले उनके साथी और नगर की भूतनाथ रोड निवासी संदीप शुक्ला और रिंकू हैं। मोहल्ले वालों ने दोनों बदमाशों की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिए हैं। पुलिस की तलाशी में बदमाशों के पास से चार चाकू, दो मोबाइल, एक 315 बोर और एक 12 बोर तमंचा मिला है। पुलिस ने मामले में हत्या की तैयारी और लूट के इरादे से घर में घुसकर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों का चालान कर दिया है, जबकि फरार दोनों बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन


घटना का मास्टर माइंड है संदीप
गोला गोकर्णनाथ। पकड़े गए बदमाश राजेंद्र भुर्जी और शिवचरन ने बताया कि भूतनाथ रोड निवासी संदीप शुक्ला ने उन्हें फोन कर यहां बुलाया था। रात को रुकने के बाद सुबह घटना को अंजाम देना था। घटना के समय संदीप झोला में रखकर एक 315 बोर और एक 12 बोर तमंचा और चार चाकू लाए थे। व्यापारी के गेट के अंदर प्रवेश करने के बाद उसने इन लोगों को हथियार दिए थे।

बदमाशों के  फायर से घायल हुआ अजय
गोला गोकर्णनाथ। कन्हैयालाल अग्रवाल के घर में घुसे बदमाशों से मोहल्ले का ही अजय शुक्ला भिड़ गया। इस बीच एक बदमाश ने कन्हैयालाल अग्रवाल पर गोली दाग दी, तमंचे की नाल हाथ से पकड़ते वक्त गोली चल जाने से अजय शुक्ला का दाहिना हाथ घायल हुआ है। पुलिस ने उनका भी प्राथमिक उपचार कराया है।

बदमाशों ने दुस्साहसपूर्वक घटना को अंजाम देने की कोशिश की। मोहल्ले वालों की निर्भीकता से वह पकड़े गए। फरार बदमाशों की तलाश के लिए टीम गठित कर दबिशें दी जा रही हैं। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा। इससे कई अन्य घटनाओं का खुलासा हो सकता है।
विज्ञापन

-एके उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली गोला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें