लालगंज कोतवाली क्षेत्र में लालगंज-फतेहपुर मार्ग पर स्थित नवरंगसिंह का पुरवा मजरे आलमपुर गांव में रविवार रात चोरों ने दो घरों से एक लाख रुपये से अधिक का माल पार कर दिया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई।
नवरंग सिंह का पुरवा गांव निवासी रामकुमार ने बताया कि चोर उसके घर में सेंध काटकर घुस आए। 12 हजार रुपये नगद के अलावा जेवर चुरा ले गए। चोर घर में रखे दो बक्से ले गए थे। सुबह दोनों गांव के निकट खाली पड़े मिले।
इसी गांव के हीरालाल के घर से भी चोर नगदी, जेवर के अलावा करीब 50 हजार रुपये का घरेलू सामान चुरा ले गए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।