क्षेत्र के गांव गंगानगर निवासी ट्रक चालक जोगेंदर सिंह औैर हेल्पर करमपाल सिंह उर्फ गेजा सिंह की हत्या के पीड़ित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पंजाब पुलिस ने हत्यारोपियों को ट्रक सहित पकड़ लिया है। दोनों केमिर्ची गैंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही हैं। पुलिस अब इन आरोपियों को प्रॉडक्शन वारंट पर रोहतक लेकर आएगी।
बता दें कि रविवार को हरियाणा के रोहतक इलाके में झज्जर रोड पर ट्रक चालक जोगेंदर सिंह और हेल्पर करमपाल सिंह उर्फ गेजा सिंह के शव मिले थे। दोनों लोहा भरा ट्रक लेकर रायपुर से पंजाब जा रहे थे। रोहतक पुलिस की जांच में यह बात सामने आई थी कि लूट के इरादे से ही ट्रक चालक और क्लीनर की हत्या की गई है। इसमें मिर्ची गैंग केसदस्यों का हाथ होने की भी आशंका जताई जा रही थी। पुलिस ने मिर्ची गैंग का इतिहास खंगालने केलिए यूपी के मेरठ, लखनऊ सहित अन्य शहरों के थानों में भी संपर्क करना शुरू कर दिया था। पुलिस इस गैंग के सदस्यों की तलाश में पंजाब की खाक छानने जाने ही वाली थी कि बुधवार को पंजाब केफतेहगढ़ से हत्यारोपियों के पकड़े जाने की सूचना मिल गई। रोहतक पुलिस केअनुसार पंजाब पुलिस ने ट्रक और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी प्रशिक्षु आईपीएस हिमांशु गर्ग केअनुसार दोनों आरोपियों को प्रॉडक्शन वारंट पर लाने केलिए अदालत में अर्जी लगा दी गई है। जल्द ही उन्हें रोहतक लाकर पूछताछ की जाएगी।
बुधवार को हुआ अंतिम संस्कार
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गंगानगर निवासी ट्रक चालक जोगेंदर सिंह और करमपाल सिंह के शव मंगलवार की देर शाम गांव में पहुंचे थे। दूसरे दिन बुधवार को दोनों का अंतिम संस्कार उनके गांव गंगानगर में किया गया।
ट्रक मालिक ने दिया मदद का भरोसा
मृतक जोगेंदर सिंह की बहन परमजीत कौर ने बताया है कि ट्रक मालिक हरियाणा के जिला कैथल चीका मंडी निवासी विंदर सिंह उनके घर पर आए थे। उन्होंने पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया है।
पैसा कमाकर बड़ा आदमी बनना चाहता था करमपाल
करमपाल सिंह के पिता की मौत सात साल पहले हो चुकी है। परिवार में मां और दो भाई थे। करमपाल भाइयों में छोटा था। मां अमरीक कौर कहती हैं कि उनका बेटा पंजाब से पैसे कमाकर बड़ा आदमी बनना चाहता था। मां का रो रोकर बुरा हाल है। पूरा गांव घटना को लेकर दुखी है।