प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास देने के नाम पर ग्रामीणों से बीस-बीस हजार रुपये वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। तमाम ग्रामीणों ने इस बाबत बीडीओ और एसडीएम को शिकायती पत्र दिया है। आरोप लगाया है कि पंचायत मित्र और सचिव आवास चयन के लिए बीस-बीस हजार रुपये मांग रहे हैं। ग्रामीणों ने आवास न मिलने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी है।
ग्रामीण मजदूर कल्याण सेवा समिति की ओर से ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत हजरतपुर, मूड़ा खजुहा और पहाड़नगर तमाम ग्रामीणों ने बीडीओ और एसडीएम को शिकायती पत्र दिया है। समिति अध्यक्ष पूरनलाल और बीडीसी महासंघ जिला महामंत्री पवन सिंह की नेतृत्व में ग्रामीण नत्थू लाल, श्रीदेवी, भगौता देवी, सोमवती, राम प्यारी, आशा, मरजीना, रीना देवी आदि ने बीडीओ बांकेगंज जीपी गौतम को दिए शिकायती पत्र में लिखा है कि ग्राम पंचायत हजरतपुर में प्रधानमंत्री आवास चयन प्रक्रिया चल रही है। पंचायत मित्र और सचिव आवास चयन के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। रुपये न देने पर सूची से नाम हटाने की चेतावनी दे रहे हैं। शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने मामले की जांच के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रों का नाम शामिल करने की गुहार लगाई है। 15 दिन के अंदर सुनवाई न होने पर ब्लॉक मुख्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। बीडीओ ने ग्रामीणों को मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने शिकायत की एक प्रति मुख्यमंत्री सहित डीएम और एसडीएम को भी भेजी है।