पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर खीरी थाना क्षेत्र के गांव अशोगापुर में मंदिर के पास मंगलवार की दोपहर एक ट्रक ने बाइक को रौंद दिया, जिसमें बाइक चालक की मौत हो गई। जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पुलिस ने दोनों को मैजिक से जिला अस्पताल भेजवाया। दोनों बाइक सवार जिला सीतापुर के थाना लहरपुर के गांव रूखारा के निवासी हैं। हादसे की खबर परिवार वालों को दी गई है।
सीतापुर जिले के लहरपुर थानांतर्गत के गांव रूखारा निवासी 30 वर्षीय सरोज कुमार और महेश कुमार मंगलवार की दोपहर घर लौट रहे थे। पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर अशोगापुर गांव में मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को रौंद दिया, जिसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों ने मामले की सूचना खीरी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों घायलों को मैजिक से जिला अस्पताल भेजवा दिया, लेकिन कोई पुलिस कर्मी साथ नहीं आया। हालांकि सदर कोतवाली की जेल गेट चौकी पुलिस कर्मी जिला अस्पताल पहुंचे और एक घायल महेश कुमार को भर्ती कराया। जबकि 30 वर्षीय सरोज कुमार को डॉक्टर ने मैजिक में ही देखकर मृत घोषित कर दिया, जहां से सीधे उसके शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। एसओ खीरी सतेंद्र कुमार ने बताया भाग रहे ट्रक को पकड़ लिया गया है, लेकिन चालक भाग गया है। मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।