तेज रफ्तार बस ने शुक्रवार को सुंदरवल चौराहे के निकट बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। गंभीर घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य बाइक सवार युवक दूसरी बस की चपेट में आकर घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार बताए जाते हैं। पुलिस ने बस को चालक सहित कब्जे में ले लिया है।
थाना गोला क्षेत्र के ग्राम कुशमौरी निवासी बिंद्रा प्रसाद के पुत्र विजय प्रकाश (35) अपनी रिश्तेदारी में भीरा थाना क्षेत्र के गांव मलूकापुर निवासी शिवभगवान के यहां गए थे। शुक्रवार की सुबह लगभग 8.30 बजे शिवभगवान के पुत्र रामसूरत (23) के साथ बाइक से लखीमपुर जा रहे थे। सुंदरवल कस्बे में स्टेट बैंक के पास इनकी बाइक पलिया की ओर जा रही निजी बस से टकरा गई, इससे दोनों गंभीर घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक बस को लेकर लखीमपुर की ओर भागा। सुंदरवल पुलिस ने शहर की आउटर महेवागंज चौकी पुलिस को सूचना दी। साथ ही घायलों को जिला अस्पताल भेजा जहां डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चौराहे पर भीड़ देख लखीमपुर जा रही एक अन्य बस का चालक अनहोनी की आशंका से बचने के लिए बस को बैक करने लगा। इसी दौरान बस का पिछला हिस्सा लगने से जोधपुर निवासी बाइक चालक रजवान (22) चोटिल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुंदरवल पुलिस ने बस को कब्जे में लेने के थोड़ी देर बाद छोड़ दिया।
पेनाल्टी से बचने को देते हैं रफ्तार
लखीमपुर-पलिया मार्ग पर निजी ट्रांसपोर्ट यूनियन की बसों का राज चलता है। इनके अपने नियम-कानून हैं। बताते हैं कि निर्धारित समय में देरी होने पर बस चालक को 30 रुपये प्रति मिनट का जुर्माना भरना पड़ता है। यूनियन से जुड़े लोगों की माने तो चार से पांच मिनट की देरी पर पांच सौ रुपये तक का जुर्माना देना पड़ता है। रसीद न कटाने की दशा में अगला नंबर कट होने के चांस रहते हैं।