कोतवाली क्षेत्र के बेहननपुरवा मजरा केशवापुर खुर्द में खाना बनाते समय लगी आग की चपेट में आकर 20 घर राख हो गए, जबकि आग बुझाने की कोशिश में तीन लोग बुरी तरह झुलस गए और लाखों की संपत्ति का नुकसान हो गया।
आग, केशवापुर खुर्द में दिन में एक बजे खाना बनाते समय निजामुद्दीन के घर से लगी। आग की चपेट में आकर पड़ोसी आलमीन, कमलेश, शरीफ मोहम्मद, उमर, मुश्ताक, इस्तियाक, सहाबुद्दीन, रोज अली, रामआसरे, इदरीश, अख्तर अली, सद्दाम हुसैन, कलाम व हनीफ सहित 20 लोगों के घर जलकर राख हो गए। आग बुझाने की कोशिश में गृहस्वामी असगर अली, निजामुद्दीन और हनीफ बुरी तरह झुलस गए। जिन्हें सीएचसी धौरहरा लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचती तब तक 20 घर जलकर खाक हो चुके थे। तहसील प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नही पहुंचा था।