नीमागांव क्षेत्र में बदमाशों ने खेत की सिंचाई कर रहे एक युवक की जमकर पिटाई की और फिर उसी की जैकेट से पेड़ से बांधकर छोड़ दिया। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।
मदारपुर निवासी रंजीत कुमार रविवार की रात करीब नौ बजे गांव के ही करुणा शंकर मिश्र के खेत की सिंचाई कर रहा था, तभी हथियारबंद पांच व्यक्ति मुंह बांधकर आ गए और रंजीत से करुणाशंकर के बारे में पूछताछ की। जिस पर रंजीत ने बताया कि करुणाशंकर गोला गए हैं, यह सुनकर नाराज बदमाशों ने रंजीत की पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद बदमाशों ने रंजीत को जैकेट से पेड़ में बांधकर डाल दिया और फरार हो गए। रंजीत के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। रंजीत ने ग्रामीणों और करुणाशंकर को घटना की जानकारी दी। रंजीत का इलाज निजी अस्पताल में कराया गया। वहीं करुणाशंकर ने बताया कि 20 फरवरी की रात भी बदमाश मकान की छत पर चढ़ गए थे, लेकिन पिता नंदकिशोर के जगने और शोर मचाने पर बदमाश फरार हो गए। करुणाशंकर ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं एसओ ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता से छानबीन की जा रही है।