भारतीय स्टेट बैंक शाखा के गेट पर हुई वारदात
तहरीर के बाद भी पुलिस ने नही दर्ज की रिपोर्ट
स्थानीय भारतीय स्टेट बैंक शाखा से रुपये निकाल कर बाहर निकल रहे कोतवाली पसगवां के गांव नर्दी निवासी एक व्यक्ति के थैले पर बैंक गेट पर एक उचक्के ने झपट्टा मारकर थैला छीनकर भाग निकला। थैले में 56 हजार रुपये थे। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। घटना के बाद से बैंक के ग्राहकों में हड़कंप मच गया।
ग्राम नर्दी निवासी छविनाथ गुप्ता ने बताया कि उनका जंगबहादुरगंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में खाता है। सोमवार की सुबह वह बैंक शाखा पहुंचे और सुबह करीब साढ़े 11 बजे खाते से 56 हजार रुपये निकालकर थैले में रख लिए। वह थैला हाथ में पकड़कर जैसे ही बैंक के गेट से बाहर आए, इसी बीच एक उचक्के ने हाथ पर झपट्टा मार दिया और थैला छीनकर भाग निकला। जब तक वह कुछ समझ पाते और शोर शराबा करते तब तक उचक्का आंखों से ओझल हो गया। घटना के बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित ने स्थानीय चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास और बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले, लेकिन उसकी फुटेज कैमरे में नहीं दिखी। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।