रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद
तहसील स्थित रजिस्ट्री दफ्तर शुक्रवार को अखाड़ा बन गया। बैनामा वापस लेने गए वकील के मुंशी की रुपयों को लेकर बाबू ने पिटाई कर दी और सिर पर डंडे से प्रहार कर उसे लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने मुंशी की ओर से बाबू समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है।
शहर के मोहल्ला बरखेरवा निवासी बृजेंद्र शुक्ला ने बताया कि वह एक वकील के मुंशी हैं। शुक्रवार को बैनामा वापसी लेने रजिस्ट्री दफ्तर गए थे। आरोप है कि दफ्तर में तैनात बाबू मुकेश कुमार पांडेय ने बैनामा वापस करने के लिए उनसे 500 रुपये मांगे। वह तीन सौ रुपये दे रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इससे गुस्साए बाबू मुकेश पांडेय ने चपरासी कमाल अहमद के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाबू ने सिर पर डंडे से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने घायल मुंशी की ओर से दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सदर कोतवाल एसपी उपाध्याय ने बताया कि घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।