पांच छात्राओं को वार्डन ने कराया था भर्ती
इलाज के बाद चार की हालात हुई सामान्य
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पसगवां में पढ़ने वाली कक्षा आठ की एक छात्रा की तेज बुखार से मौत हो गई। स्कूल में पांच छात्राओं को तेज बुखार आया था। वार्डन ने सभी का सीएचसी पसगवां में इलाज कराया था। बाकी चार की हालत सामान्य बताई जा रही है, किंतु एक छात्रा की हालत नहीं सुधरी। इस पर उसे पिता को बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया। दूसरे दिन उल्टी बुखार से हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई।
कस्तूरबा गांधी विद्यालय में शुक्रवार को कक्षा आठ की छात्राएं क्रमश: अंशू, भारती, लक्ष्मी, जुबेरी और काजोल को तेज बुखार आया। इस पर वार्डन रजनीश कुमारी पांचों को सीएचसी ले गईं। जहां बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनी यादव ने सभी का परीक्षण कर दवाएं दी। इसके बाद सभी छात्राओं संग वार्डन विद्यालय में लौट आईं। इधर, कुछ देर बाद चार छात्राओं की हालत में सुधार हो गया, लेकिन अंशू का बुखार नहीं उतरा। चेहरा भी लाल हो रहा था। इस पर वार्डन ने छात्रा अंशू के पिता इरमान सिंह निवासी गांव दरियाबाद करम हुसैन थाना पसगवां को दी। शुक्रवार की शाम को ही पिता इरमान अंशू को घर ले आए, जहां आधी रात को अंशू को उल्टियां होने से हालत और बिगड़ गई। अंशू के पिता इरमान सिंह यादव ने बताया कि रात में ही उसे 108 एंबुलेंस से सीएचसी पसगवां लाया गया। अंशू की इलाज शुरू होने के पहले ही मृत्यु हो गई। अंशू की मृत्यु से उसके पिता, मां सीमा देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। छात्रा के मौत की सूचना मिलते ही बीईओ सुरेश पाल ने स्कूल जाकर मृत छात्रा के विषय में जानकारी प्राप्त की है।
डॉक्टर ने बताया, उसे तेज बुखार था
सीएचसी पसगवां के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनी यादव का कहना है कि कस्तूरबा विद्यालय की पांचों छात्राओं को तेज बुखार था, जिसकी उन्हें दवा दे दी गई थी। पांचों छात्राओं की हालत सामान्य थी। अंशू की हालत बिगड़ने के बात मौत की घटना हतप्रभ करने वाली है।