वाहनों और लाउडस्पीकर के साथ जुलूस निकाल रहे आजाद हिंद सरकार के कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प हो गई। एसओ ने उन्हें आचार संहिता उल्लंघन का हवाला देते हुए बताकर रोका था जिस पर कार्यकर्ता भड़क उठे और इससे झड़प हो गई। फिलहाल फोर्स की कमी के चलते पुलिस को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा
करीब दस वाहनों पर सवार आजाद हिंद सरकार समर्थक शहर में लाउडस्पीकर के साथ जुलूस निकाल कर प्रचार प्रसार कर रहे थे। पलिया थाने के पास जब उनका जुलूस पहुंचा तो थाना प्रभारी केपी सिंह ने उन्हें रोक लिया और इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताया। फिर उन्होंने प्रचार को बंद करने को कहा बताते हैं कि इसको लेकर समर्थक भड़क गए और कहा कि वह इस चुनाव को नहीं मानते हैं। जिस पर उनकी थाना प्रभारी से काफी देर झड़प और नोकझोंक हुई। आजाद हिंद सरकार समर्थकों ने वहीं नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान यहां अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। चुनाव के चलते फोर्स की भारी कमी को देखते हुए थाना प्रभारी ने अपने कदम खींच लिए और आजाद हिंद सरकार के सभी समर्थक वहां से आगे निकल लिए।