कोतवाली क्षेत्र के गांव करौंहा में उधारी मांगने से नाराज आरोपियों ने एक युवक को पेट में चाकू घोंपकर घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
करौंहा गांव निवासी कमलाकांत मिश्रा का पुत्र 22 वर्षीय पवन मिश्रा बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे खेत पर जा रहा था। रास्ते में संगमलाल के घर के पास गांव के ही दो युवकों ने पवन को घेर लिया और उसके पेट में चाकू घोंपकर घायल कर दिया। इसके बाद दोनों हमलावर भाग निकले। घरवालों ने घायल पवन को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल युवक के पिता कमलाकांत ने बताया कि पवन ने गांव के अरुण शंकर को रुपये उधार दिए थे, जिसे वापस मांगने पर इस घटना को अंजाम दिया गया। कमलाकांत ने पुलिस को दी गई तहरीर में अरुण शंकर और मुनई को नामजद किया है।