पुलिस ने एक टाटा 407 वाहन से करीब 39 किलो चरस बरामद की है। तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए दो लोगों को जेल भेज दिया है। वाहन को सीज कर दिया गया है। चरस वाहन के बोनट में छिपाकर रखी गई थी।
शुक्रवार की शाम खबर मिली थी कि कुछ लोग किसी वाहन में भारी मात्रा में नेपाल से चरस लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद सीओ रामआसरे सिंह, एसओ केपी सिंह, एसआई नितीश भारद्वाज, एसटीएफ लखनऊ के विनय कुमार दिवाकर, एचसी पकंज सिंह, सिपाही चंद्रप्रकाश और स्थानीय सिपाही कौशल सिंह ने दुधवा तिराहे पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान धनगढ़ी से आ रहे टाटा 407 वाहन संख्या यूए 07 टी 1339 को रोका गया तो चेकिंग के दौरान बोनट के भीतर चरस मिली। चरस मिलते ही पुलिस ने वाहन पर सवार दो लोगों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। वजन कराया गया तो चरस 39 किलो 342 ग्राम निकली। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए लोगों में जिला रामपुर कोतवाली रामपुर नालापार मोरीगेट निवासी जावेद पुत्र जाकिर और यहीं के मोहल्ला नानकार निवासी मोहम्मद यामीन पुत्र अफसर अली हैं। दोनों ने पत्रकारों को बताया कि कोतवाली रामपुर हाथी खाना चौराहा निवासी इस वाहन के स्वामी नईम ने उनको गौरीफंटा कैंटीन पर खाना खाने के लिए छोड़ दिया था और वह खुद वाहन लेकर धनगढ़ी चला गया था। वहीं से यह माल बोनट के भीतर प्लास्टिक की बोरी में छिपा दिया गया था जिसकी जानकारी उन दोनों को नहीं थी। पुलिस ने नईम समेत पकड़े गए दोनों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
कार से बरामद हो चुकी है 40 किलो चरस
पिछले माह 23 सितंबर को भी पुलिस और एसटीएफ ने कमल चौराहे पर धनगढ़ी से आ रही एक स्वीफ्ट कार में छिपाकर रखी गई 40 किलो चरस बरामद की थी।