रिश्तेदारी में गए युवक के अपहरण की जानकारी पर सिंगाही पुलिस ने पहले उसे नौरंगाबाद रोड पर दबिश देकर बचाया फिर उसे थाने ले गई और दो दिन बाद मारपीट की धाराओं में पीड़ित युवक और उसके चाचा का चालान कर दिया। हैरत यह है कि युवक की मदद करने वाले नामित सदस्य पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दी।
नगर के मोहल्ला बाजार निवासी मुखिया ने बताया कि तीन दिन पहले निघासन थाने के गांव जौखीपुरवा निवासी कमलेश घर पर मेहमानी के लिए आया था। शाम करीब छह बजे करीब चार व्यक्ति आए और कमलेश को घर से बुलाकर ले जाने लगे। इसका विरोध करने पर उन लोगों ने मुखिया और उसके परिवार वालों को मारने की धमकी देकर उसे लेकर चले गए। मुखिया के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए और घेराबंदी कर एक अपर्ह्ता को दबोच लिया, लेकिन उसके दो साथी कमलेश को लेकर फरार हो गए। इसकी जानकारी नगर पंचायत के नामित सदस्य राजू गुप्ता ने एसडीएम को दी। जिसके बाद कार्यवाहक थाना प्रभारी एनके यादव ने घेराबंदी कर कमलेश समेत दो आरोपियों को नौरंगाबाद रोड से पकड़ लिया। आरोप है कि तहरीर देने गए कमलेश के चाचा मुखिया को भी पुलिस ने थाने में बैठा लिया। तीन दिन हिरासत में रखने के बाद कमलेश, मुखिया और दूसरे पक्ष के नौबना निवासी सालिगराम, छोटे और विनोद का मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया। साथ ही मदद करने वाले नामित सदस्य राजू गुप्ता पर भी मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर दी।
कार्यवाहक थाना इंचार्ज एनके यादव ने बताया कि यह सच है कि कमलेश और अपहरण का प्रयास करने वाले दो लोगों को ग्रामीणों की सूचना पर पकड़कर थाने में बैठाया था, लेकिन बाद में छानबीन के दौरान मामला दूसरा पाया गया। जिसके बाद दोनों पक्षों का मारपीट में चालान किया गया है।