शहर के मोहल्ला डॉ. कौशल किशोर नगर में एक वकील के बंद पड़े घर का ताला तोड़कर चोरों ने 18 हजार की नगदी, जेवर, सामान और लाइसेंसी बंदूक लेकर फरार हो गए। पीड़ित वकील ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डॉ. कौशल किशोर नगर निवासी वकील नवनीत किशोर शुक्ला ने तहरीर में बताया कि घर में कोई नहीं था। शनिवार को वह मकान में ताला लगाकर लखनऊ गए थे। इसी दौरान रात में चोर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। चोरों ने घर से एक लाइसेंसी बंदूक, 18 हजार की नगदी, छह कारतूस, एक सिलेंडर, मंगलसूत्र, झुमकी, पायल और बर्तन आदि सामान चोरी कर लिया। रविवार की सुबह आसपास के लोगों की सूचना पर वकील नवनीत किशोर घर पहुंचे और इसके बाद सदर कोतवाली में तहरीर दी। एसएसआई एसएन यादव ने बताया कि वकील की तहरीर मिलने पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है। जल्द चोरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।