थाना क्षेत्र फूलबेहड़ में बुधवार को साइकिल से स्कूल जाते समय भाई-बहन जीप की टक्कर से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने गंभीर हालत के चलते बालिका को लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इधर, घटना से नाराज ग्रामीणों ने अंदेशनगर में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी मिलने पर पहुंचे पुलिस और अन्य अधिकारियों ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत किया।
थाना क्षेत्र फूलबेंहड़ के ग्राम बेलिहान निवासी कन्हैयालाल की 11 वर्षीय पुत्री प्रांजलि, 14 वर्षीय भाई विजय के साथ बुधवार को सुबह लगभग 10 बजे ग्राम अंदेशनगर स्थित ज्ञानदायिनी शिशु मंदिर में साइकिल से परीक्षा देने आ रही थी। रास्ते में कंडवा नदी पुल के समीप तेज गति से आ रही एक जीप ने पीछे से गुरदीप सिंह की जीप को टक्कर मार दी। जिससे गुरदीप सिंह की जीप अनियंत्रित होकर बच्चों की साइकिल से टकरा गई। इससे दोनों बच्चे घायल हो गए। यह देख गुरदीप सिंह ने आनन-फानन में ग्रामीणों को सूचना दी और दोनों बच्चों को दूसरे वाहन से जिला अस्पताल लाए। जहां डाक्टरों ने गंभीर हालत के चलते प्रांजलि को लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में प्रांजलि की मौत हो गई। उधर घटना से नाराज ग्रामीणों ने अंदेशनगर में मार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना पाकर सीओ मनोज यादव, शहर कोतवाल शिवशंभू जायसवाल सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अधिकारियों ने किसी तरह लोगों को समझा कर शांत किया। पुलिस ने टक्कर मारने वाली जीप को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया। देर शाम पुलिस की मौजूदगी में बालिका का अंतिम संस्कार किया गया।
ट्रैैक्टर-ट्रॉली पलटी, चार लोग जख्मी
पलियाकलां। आदिवासी थारू जनजाति क्षेत्र के गांव मशानखंभ में पुलिया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। सभी जख्मी पलिया सीएचसी में भर्ती कराए गए, जहां से हालत गंभीर होने पर तीन जख्मी जिला अस्पताल रेफर कर दिए गए।
मशानखंभ निवासी हरद्वारी की 38 वर्षीय पत्नी सुदामा, 50 वर्षीय मल्लू और उसकी 19 वर्षीय पुत्री गीता, भगतराम की 22 वर्षीय पत्नी कलावती ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव बाहर फूस लेने गए थे, गांव के पास ही पड़ने वाली पुलिया पर ट्रैैक्टर चालक से बेकाबू हो गया और पलट गया। जिससे उस पर सवार यह लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए, हादसे के दौरान वहां चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने वहां पहुंच कर लोगों को निकाला। जख्मी गंभीर होने पर उन्हें सीएचसी ले जाने की सलाह दी गई। इस पर मकनपुर गांव के पूर्व प्रधान विकास कपूर ने भी सहयोग किया और अपने वाहन से जख्मियों को लेकर पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र्र लाए। यहां चिकित्सकों ने सुदामा, गीता, मल्लू की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।