संपूर्णानगर रोड पर राधा स्वामी आश्रम के पास मुंडन संस्कार करा कर लौट रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित करीब 12 लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। जिसमें से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
खालेपुरवा निवासी प्रीतम के पुत्र छोटू का मुंडन संस्कार पलिया संपूर्णानगर मार्ग पर स्थित अंधरे बाबा देव स्थान पर हुआ था। सभी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से बुधवार की देरशाम वापस घर को आ रहे थे। इसी दौरान राधास्वामी आश्रम के पास रोड पर एक साइकिल सवार अचानक आ गया। इसे बचाने के चक्कर में चालक ट्रैक्टर से काबू खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इससे ट्रॉली में सवार तमाम लोग दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को निकाला और उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
इसमें भगवंतननगर निवासी 18 वर्षीय सियावती, त्रिकोलिया निवासी 25 वर्षीय सुशीला, यहीं की 15 वर्षीय कल्पना, 28 वर्षीय सूरजपाल, खालेपुरवा निवासी 15 वर्षीय सुशीला, कुवंरपुर निवासी 18 वर्षीय कैलाश, खालेपुरवा निवासी 15 वर्षीय राजू, दुलही निघासन निवासी 14 वर्षीय सूरज, खालेपुरवा निवासी 15 वर्षीय अशोक, कोठिया निवासी 12 वर्षीय नाजिम अली, खालेपुरवा निवासी 30 वर्षीय सुभाष, यहीं के 13 वर्षीय शिवम आदि को चोटें आईं। इसमें राजू, सूरज, अशोक और शिवम को गंभीर हालत होने के कारण डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीएचसी में सीओ रामआसरे सिंह, एसओ केपी सिंह, चौकी इंचार्ज योगेंद्र प्रसाद समेत तमाम पुलिस बल मौजूद रहा और गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।