पशुओं को ले जा रही कार की बाइक से टक्कर हो गई, जिससे कार सड़क किनारे गड्डे में फंस गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार तथा पशुओं को कब्जे ले लिया है, जबकि कार सवार फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि सोमवार रात नौ बजे के करीब मोहम्मदी-लखीमपुर मार्ग पर कुंभी चीनी मिल के धर्मेंद्र तोमर और उपेंद्र श्रीवास्तव बाइक से जा रहे थे, तभी लखीमपुर की ओर से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक चला रहे धर्मेंद्र का पैर टूट गया तथा उपेंद्र के सिर में चोटे आई, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। टक्कर से चालक ने संतुलन खो दिया और कार सड़क किनारे खुदे गड्डे में फंस गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना अमीरनगर चौकी पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही कार सवार मौका पाकर भाग गए। पुलिस ने कार से चार पशु और पशुओं को बेहोश करने वाला नशीला पदार्थ बरामद कर उन्हें कब्जे में ले लिया है। चौकी प्रभारी कल्लू सिंह ने बताया कि कार के मालिक के बाबत जानकारी की जा रही है।