एसएसबी जवानों और फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
घरों में रखा सामान समेत 13 बीघा गेहूं जल
ग्राम पंचायत गुलरिया पत्थर शाह के मजरा गबदू टांडा में अज्ञात कारणों के चलते बुधावर की दोपहर अचानक आग लग गई, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे एसएसबी जवानों, दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर बमुश्किल काबू पाया। इस अग्निकांड में 12 घर और उसमें रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
गांव गबदू टांडा के ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की दोपहर करीब एक बजे गांव निवासी ज्वाला सिंह के घर से अचानक आग लग गई। गांव वाले जब तक कुछ समझ पाते, इससे पहले तेज हवाओं के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते कामता सिंह, ऊधम सिंह, अमीचंद, कोमल सिंह, घासीराम, प्रकाश, सुंदर, रामबिलास और बलवीर के घरों को अपने आगोश में समेट लिया। इससे गांव में चीख पुकार मच गई। सूचना पर एसएसबी चौकी डांगा के जवान मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने एसएसबी जवानों और मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड के साथ मिलकर किसी तरह से आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में गांव के पास में खड़ी सुंदर सिंह का तीन बीघा, कोमल सिंह का दो बीघा, कामता सिंह का चार बीघा, ज्वाला सिंह का चार बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। कामता की लड़की की शादी मई में होनी थी, जिसका रखा दहेज के सामान के साथ एक लाख रुपया नगद जलकर राख हो गया। इसके अलावा। कोमल सिंह के लड़के की शादी भी मई में होनी थी। उसके घर का सामान सहित 80 हजार रुपये की नगदी जल गई। इसके अलावा सभी घरों में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्रधान ने बांटे तिरपाल
गांव गबू टांडा में भीषण आग लगने की जानकारी पर ग्राम प्रधान जगदीप सिंह उर्फ जग्गा भी गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों की मदद के लिए एक-एक तिरपाल वितरित किया और खाने का इंतजाम कर सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
.. अब बिटिया के हाथ कैसे होंगे पीले
गांव गबदू टांडा निवासी कामता ने बताया कि उनकी पुत्री की शादी मई में हैं। उन्होंने मेहनत मजदूरी कर पुत्री की शादी के लिए एक-एक कर दहेज के लिए सामान इकट्ठा किया था। गोंडा में मजदूरी कर एक लाख रुपये नकदी लेकर आया था। इस अग्निकांड में सामान और नगदी सबकुछ जलकर राख हो गया, जो शरीर पर कपड़े पहन रखे हैं वही बचे हैं। पुत्री की शादी को लेकर अब उनका और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।