चार घरों से चोरों ने उड़ाया हजारों का सामान
गांव लालापुर में एक ही रात हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
बेलराया। सिंगाही थाना क्षेत्र के लालापुर गांव में गुरुवार की रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर चार घरों से नकदी-जेवर समेत करीब ढाई लाख रुपये का सामान उठा ले गए। पीड़ितों ने घटना की तहरीर सिंगाही पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव लालापुर निवासी इंद्रबली वर्मा ने बताया कि गुरुवार रात उसके घर चोर घुस आए। रात करीब तीन बजे पुत्र अरुण की पत्नी नींद से जागी तो उसको घर में कुछ आहट हुई। वह कमरे से बाहर आई तो देखा तीन लोग छोटी बहू के कमरे से निकल रहे हैं। इस पर उसने शोर मचाया। इस पर घर के लोग जब तक उठते, इससे पहले ही चोर भाग निकले। उन्होंने बताया कि 5 मई को छोटे पुत्र विकास की शादी हुई थी। चोर उसके कमरे से डेढ़ लाख रुपये के जेवर और 29 हजार रुपये चोरी कर ले गए। गांव के ही कमल वर्मा के घर में घुसे चोर जब सेफ खोल नहीं पाए तो चाबियां तोड़ कर फेंक गए। गांव निवासी सन्तोष वर्मा के घर से चोर 2500 रुपये और आकाश वर्मा के घर से एक मोबाइल, 3200 रुपये चोर लेकर भाग निकले। चारों पीड़ितों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। सिंगाही थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि चोरी कि तहरीर मिली है। पुलिस जांच कर रही है, जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ताला तोड़कर मेडिकल स्टोर में चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के गुदरिहा गांव में दीवार फांद कर घर में घुसे चोरों ने नकदी समेत घरेलू सामान और घर में ही चल रहे मेडिकल स्टोर में भी चोरी की। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
गांव निवासी दीपक वर्मा के घर में ही मेडिकल स्टोर है। बृहस्पतिवार की रात किसी समय दीवार पर चढ़कर घर में घुसे चोरों ने घरेलू सामान और मेडिकल स्टोर में अंदर की तरफ रखे दरवाजे के ताले को तोड़कर मेडिकल स्टोर से दवाओं के साथ ही करीब दो लाख रुपये गायब कर दिये। पीड़ितों को सुबह जागने पर घटना की जानकारी हो सकी।