दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था वनकर्मी
फारेस्ट कॉलोनी में बाइक सवार दो लुटेरों ने घटना को दिया अंजाम
नौरंगाबाद चौराहा से घरेलू सामान खरीदकर वापस घर जा रहे फारेस्ट कॉलोनी निवासी वन कर्मचारी को दो बाइक सवारों ने कॉलोनी में स्थिति मंदिर के पास रोक लिया और असलहों के बल पर उनकी जेब में रखे 73 सौ रुपये लूटे लिए। शोर मचाने पर जान से मार देने की धमकी देते हुए भाग निकले। घटना के बाद से कॉलोनी में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
फॉरेस्ट कॉलोनी निवासी जीपी रस्तोगी ने बताया कि वह वन विभाग में कर्मचारी हैं। शनिवार की शाम वह नौरंगाबाद चौराहा से घरेलू सामान लेकर घर वापस जा रहे थे। शाम करीब आठ बजे के आसपास कॉलोनी में स्थित मंदिर के पास एक बाइक पर सवार दो लुटेरों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और असलहे के बल पर शर्ट की जेब में रखी 73 सौ रुपये की नगदी लूट ली। बदमाशों ने शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी दी और भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद जब पीड़ित कर्मचारी ने शोर मचाया तो तमाम लोग मौके पर आ गए। सरेशाम कॉलोनी में हुई वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।