निघासन। सिंगाही मार्ग पर स्थित एक मकान में शनिवार की रात नकब लगाकर घर में घुसे चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर करीब एक लाख का माल बटोर लिया। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया है। घटना की तहरीर मिलने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव चखरा निवासी हरगोविंद यादव का सिंगाही मार्ग पर एक गैस एजेंसी के निकट मकान है। वह शनिवार की सुबह परिवार समेत अपने गांव गए थे। रात में चोर दीवार में नकब लगाकर घर में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी सेफ, बक्शा आदि तोड़कर सारा सामान खंगाल लिया और भाग निकले। रविवार की शाम जब मकान मालिक घर पहुंचे तो कमरों में बिखरा सामान देख हतप्रद रह गए। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मकान मालिक ने बताया कि चोर हजारों रुपये की नकदी, एक गले का हार, झुमकी, सोने के झाला, एलईडी, टेबिल फैन सहित करीब एक लाख रुपये का सामान बटोर ले गए। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार दूबे ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।