गोला गोकर्णनाथ। यात्रियों से भरी प्राइवेट बस का लखीमपुर जाते समय अगला टायर फटने से अनियंत्रित होकर मुस्तफाबाद के पास सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बस में सवार 24 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 10 की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
अलीगंज से सवारियां भरकर प्राइवेट बस यूपी 32 जेड/ 4754 लखीमपुर की तरफ जा रही थी। बताया जाता है कि अलीगंज से बस ढाई किलोमीटर आगे जैसे ही मुस्तफाबाद गांव के पास पहुंची वैसे ही अगला टायर फटने से बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई। दुर्घटना के बाद चालक और परिचालक फरार हो गए। बस पलटने से चीख पुकार मचने पर मुस्तफाबाद के ग्राम प्रधान अनुभव दास अपने कई साथियों रंजीत यादव, कुलदीप वर्मा, नवदीप सिंह, शुभम शुक्ला आदि के साथ पहुंचे और बस के अंदर फंसे 16 यात्रियों को बाहर निकाला और घटना स्थल पर गिरे पड़े यात्रियों सहित 40 लोगों को मुस्तफाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बस पलटने की सूचना पर प्रशासन की तरफ से कई एंबुलेंस और गोला कोतवाली एवं अलीगंज पुलिस चौकी का स्टाफ भी पहुंच गया। चौकी प्रभारी अलीगंज महेश गंगवार अपने पूरे स्टाफ के साथ मरीजों को अस्पताल लाने एवं लखीमपुर भिजवाने में लगे रहे।
मुस्तफाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराए गए रीता देवी, आस्था देवी, चंद्रभान, सत्रोहनलाल, साबिया बानो, हसीना बानो, कढ़िलेराम, कविता देवी, रशीद अहमद, फिरोज खान, रामगोपाल, बाबूराम, माधुरी, सुगंधा, जय देवी, बुद्धालाल, आलिया भट्ट, असलम, उषा देवी, संगीता, माया देवी, मोनू, शिवप्यारी, शांति देवी आदि 30 को हल्की चोट और खरोच होने के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से ही प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि 10 गंभीर घायलों में से रीता देवी (35), आस्था देवी (15) निवासी लखीमपुर, शत्रोहन लाल (35) अलीगंज, राबिया बानो (40) वसलीपुर, हसीना बानो (45) अल्लीपुर, उषा देवी (45) सिमरिया, संगीता देवी (35) दुर्गापुर, मीरा (50) कोटा, रफीक अहमद (65 ) अलीपुर, बंधालाल कुशमौरी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया है। उनकी हालत गंभीर बताई गई है।
मुस्तफाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दुर्घटना के समय कंपाउंडर अरविंद वर्मा, वंदना, शिखा मिश्रा, स्टाफ नर्स ही मौजूद थे इन लोगों ने मरीजों का प्राथमिक उपचार किया और लखीमपुर भिजवाने में मदद की।