17 एलकेएच 351
बदमाशों ने भाई-बहन को बंधक बनाकर की लूटपाट
शुक्ला वार्ड के दो घरों में सोमवार रात को हुईं वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
धौरहरा। बेखौफ बदमाशों ने सोमवार की रात कसबे के मोहल्ला शुक्ला वार्ड के दो घरों में धावा बोल दिया। घर में घुसे तीन बदमाशों ने एक घर में भाई और बहन को तमंचों के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की, जबकि इसी मोहल्ले के दूसरे घर से हजारों का सामान चोरी कर ले गए। एक ही रात हुई दो वारदातों से लोगों में दहशत व्याप्त है।
शुक्ला वार्ड निवासी लक्ष्मण निगम के घर के पीछे पिलर लगे हैं। मंगलवार की रात पिलर के सहारे छत पर तीन बदमाश छत पर आ गए और जीने से होते हुए घर में दाखिल हो गए। बदमाशों ने कमरे के अंदर सो रहे लक्ष्मण के भाई शिवम और बहन पायल के दुपट्टे से बांधकर बैठा दिया। एक बदमाश तमंचा तानकर खड़ा रहा, जबकि दो बदमाशों ने अलमारी का लॉकर तोड़ दिया। बदमाश उसमें रखे 40 हजार रुपये, सोने का हार, दो सोने की नथ, नथुनी, मांग टीका, पायल, बिछिया, मोबाइल सहित लाखों रुपये के जेवरात लूट ले गए। बदमाशों के जाते ही शिवम और पायल ने शोर मचाया। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। घटना की रात लक्ष्मण पत्नी के साथ अपनी ससुराल गुलरिया गए थे। वहीं इसी मोहल्ले के रफीक के घर भी चोर दाखिल हुए और एक जोड़ी झुमकी और पायल ले गए। सूचना के बाद भी हलका दरोगा मौके पर नहीं पहुंचे। एक सिपाही को मौके पर भेजकर कर्तव्यों की इतिश्री कर ली। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि एसएसआई मौके पर गए। लक्ष्मन ने एक व्यक्ति को नामजद करते हुए तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है ।
---------
नकदी-मोबाइल चोरी करने का आरोप
धौरहरा। गांव कफारा निवासी गोमती पत्नी छोटकन्ने ने कोतवाली मे तहरीर देकर गांव के ही एक युवक पर 6000 रुपये और मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि 15 जुलाई की रात आंगन में लेटी थी। रात करीब 11.30 बजे उन्हें किसी के आसपास होने की आहट हुई। शोर मचाने पर एक युवक भाग तो उसे पकडने की कोशिश की। उसने आरोपी को पहचान लिया है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।