पंजाब नेशनल बैंक से 60 हजार रुपये निकालकर घर जा रहे किसान को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों घेर लिया और तमंचा दिखाकर नगदी लूट ली। बदमाशों ने भागते समय किसान को पुलिस से शिकायत न करने की धमकी दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने अभी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
क्षेत्र के गांव गौरेया निवासी प्रगट सिंह मंगलवार को पिता के इलाज के लिए पंजाब नेशनल बैंक से 60 हजार रुपये निकालकर अपनी मां गुरुदीप कौर और बहन बलजीत कौर के साथ बाइक से अपने गांव जा रहा था, तभी रास्ते में गांव दयानतपुर के निकट दो बाइकों पर सवार पांच बदमाशों ने घेर कर तमंचा सटा दिया और नकदी लूट ली। बहन के विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। पीड़ित के मुताबिक बदमाशों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। घटना की सूचना मिलने पर एसएसआई राम सिंह पवार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
नहीं हो सकी बदमाशों की पहचान
घटनास्थल से पुलिस प्रगट सिंह को साथ लेकर बैंक गई। मंशा थी कि वहां लगे सीसीटीवी में बदमाशों का हुलिया देखा जाए, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर पता चला कि सीसीटीवी तथा सायरन दोनों खराब हैं। इससे पुलिस कोई सुराग नहीं मिल पाया। वहीं कोतवाल सीबी सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है, मामले की जांच की जा रही है।