पलियाकलां। थाना क्षेत्र के गांव बड़ागांव अतरिया में शादी तय होने के एक साल बाद युवक के शादी करने से इंकार करने से परेशान युवती ने शनिवार को खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। झुलसी युवती को सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। युवती के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
बड़ागांव अतरिया निवासी बन्ने खां ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री 19 वर्षीय सुनहरा का विवाह गांव के ही एक युवक से तय किया था। शादी को तय हुए करीब एक साल हो गया। करीब चार दिन पहले अचानक युवक ने शादी करने से मना कर दिया। इससे परेशान पुत्री ने शनिवार को खुद पर मिट्टी का तेल डाल लिया और आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इससे घर में चीखपुकार मच गई। घर वालों ने किसी तरह से आग बुझाई। आग से युवती गंभीर रूप से झुलस गई। घर वाले उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए, जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। युवती के पिता बन्ने खां ने पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इंस्पेक्टर संजय त्यागी ने बताया कि युवती के पिता की ओर से तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।