कार, डनलप बकरियों समेत लाखों का सामान राख
पहडियापुर में चार घर, कफारा में चार एकड़ गेहूं जला
हरसिंगपुर में बाइक जली, बाल बाल बचे लोग
कोतवाली क्षेत्र के सरगड़ा समेत तीन गांवों में आग लगने से 55 घर राख हो गए। आग में एक कार, तीन बकरियां और दो डनलप जल कर राख हो गए। जबकि कफारा में चार एकड़ गेहूं और हरसिंगपुर में ससुराल आए एक व्यक्ति की बाइक भी जल गई। धौरहरा और निघासन की फायर ब्रिगेड ने सरगड़ा पहुंच कर आग पर काबू पा लिया।
सरगड़ा गांव में दोपहर खाना बनाते समय खुशीराम के घर से आग लग गई। इसकी चपेट में आकर खन्नूलाल, राज बहादुर, रामेश्वर, हरीशंकर, सत्यराम, वेलाराम, राज किशोर, दिनेश, जयराम, लल्लू, रमाशंकर, संजय, चेलाराम, ठकुरी,जयराम, कल्लूराम, सोनेलाल, शिवराम, इतवारी, सालिक राम कंधई, बृजमोहन, रामचंद्र समेत पचास लोगों के घर जल गए। खन्नूलाल की कार, रामेश्वर राजबहादुर के डनलप जल गए और छोटेलाल, हरीराम की तीन बकरियां जिंदा जल गईं। वही हरीशंकर की खोखे में चल रही किराने की दुकान भी जल गई। मौके पर पहुंची धौरहरा और निघासन की फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इसके अलावा कफारा में ताज मोहम्मद, ओम प्रकाश, बाबर का चार एकड़ गेहूं जल गया। उधर कोतवाली क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव में नेपाली मीकाइल ससुराल रामसरन हरसिंगपुर के यहां आया था। सोमवार दोपहर वह वापस घर जा रहा था कि अचानक उसकी बाइक में आग लग गई। जिसपर सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए। नेपाल के धनगढ़ी के रहने वाले कीमाइल हरसिंहपुर गांव के रामसरन के यहां ससुराल आए थे।
इधर, पहाड़ियापुर गांव के रहने वाले शिवपूजन सिंह अपने परिवार के साथ खाना खा कर सो रहे थे। रविवार की रात ढाई बजे अज्ञात कारणों से घर में आग लग गई। जिसमें पांच हजार रुपये की नकदी और एक लाख रुपये से अधिक का जेवर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा चार और घरों को भी नुकसान पहुंचा। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका।
खाना बनाते समय लगी आग हजारों का नुकसान
ओयल। कस्बे के मोहल्ला ढखवा गढ़ी मुराउनटोला निवासी झन्नू पुत्र श्रीकेशन के घर रविवार देर शाम खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। आग ने घर के छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया। घीरे-धीरे आग ने विकराल रूप ले लिया। जिस वक्त आग लगी उस वक्त घर पर महिलाओं के अलावा कोई नहीं था। जैसे-तैसे मोहल्ले वालों ने आग पर काबू पाया। तब तक सभी कुछ जलकर राख हो चुका था। आग लगने से झन्नू के दो क्विंटल गेहूं, दो क्विंटल धान, टीवी, सीडी, साउंड, दो मोबाइल, डबलबेड, चारपाई, साइकिल, 250 ग्राम चांदी और छप्पर में लगे 4000 रुपये जलकर राख हो गए।