युवक की गला रेतकर हत्या
गांव बौधी खुर्द में हत्या की वारदात से फैली सनसनी
मृतक का पिता बोले, बेटी पर गलत नजर रखता था आरोपी
शिकायत की रंजिश में दिया घटना को अंजाम
शुक्रवार की रात पड़ोसी गांव में पर्दे पर रामायण देखने गया था बेटा
15 एलकेएच 303, 304, 305, 306
अमर उजाला ब्यूरो
मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बौधी खुर्द निवासी 22 वर्षीय कुलदीप वर्मा की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह जब उसके पिता खेत देखने गए तो उन्होंने ट्यूबवेल के पास बेटे की लाश पड़ी देखी। इसकी सूचना जब गांव में पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। मृतक के पिता ने गांव निवासी एक युवक पर ही हत्या करने का शक जताया है। उनका कहना है कि आरोपी युवक उनकी बेटी पर गलत नजर रखता था। इसकी शिकायत उसके पिता से करने पर वह उनसे और परिजनों से रंजिश मानने लगा था। इसी के चलते आरोपी ने उनके बेटे की जान ले ली है। पिता की तहरीर पर पुलिस एक को नामजद कर एक अन्य पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव बौधी खुर्द निवासी रामनिवास वर्मा ने बताया कि पड़ोस के गांव गुलौली में प्रोजेक्टर लगाकर पर्दे पर रामायण दिखाई जा रही थी। शुक्रवार की शाम करीब सात बजे गांव का सुमित मिश्रा उनके पुत्र को रामायण दिखाने के बहाने से बुलाकर ले गया था। देर रात तक कुलदीप वापस घर नहीं लौटा तो उन लोगों को उसकी चिंता सताने लगी। उनके बड़े भाई सतीश जब अपने खेत से वापस लौट रहे थे। तब उन्होंने ट्यूबवेल के पास भतीजे कुलदीप को सुमित और एक अन्य साथी के साथ देखा था। उनका कहना है सुमित मिश्रा उनकी बेटी पर गलत नजर रखता था। इस बात की शिकायत उन्होंने सुमित के पिता रामगोपाल से की थी। इसी रंजिश के चलते सुमित ने अपने एक अज्ञात साथी के साथ उसके पुत्र की किसी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या की सूचना पर एसपी रामलाल वर्मा, सीओ और प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। एसपी ने परिवार वालों और गांव के लोगों से भी घटना की जानकारी ली।
वर्जन.....
जिस युवक की हत्या की गई है, उसकी बहन पर गांव का ही सुमित गलत नजर रखता था। इस पर उसने और उसके पिता आदि ने उससे आपत्ति जतायी थी। इसी बात पर सुमित कुलदीप से खफा चल रहा था। आरोपी युवक के फरार होने से उस पर लगाए गए आरोप को बल मिल रहा है। आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रामलाल वर्मा, एसपी