लखीमपुर खीरी।
एलआरपी चौराहा से घर वापस लौट रहे एक युवक को मुड़ियाखेड़ा गांव के पास दो बदमाशों ने शस्त्रों के बल पर बाइक नकदी लूट ली। सूचना पर पहुंची यूपी 100 ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
सदर कोतवाली के गांव रायपुर निवासी ओमप्रकाश शुक्रवार की शाम करीब नौ बजे एलआरपी चौराहा से अपने घर जा रहा था। एलआरपी चौकी क्षेत्र में जलनगिम चौराहा से खीरी रोड पर गांव मुड़ियाखेड़ा के पास दो बदमाशों ने शस्त्रों के बल पर उसे रोक लिया और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर उसकी तमंचों के बट से पिटाई कर दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। बदमाश उसकी बाइक लूटकर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद घायल ओमप्रकाश ने घटना की सूचना यूपी 100 को दी। सूचना पर एलआरपी चौकी पुलिस के साथ यूपी 100 भी पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। घायल ओमप्रकाश ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसएसआई काली प्रसाद गौड़ ने बताया कि उन्हें अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।