लखीमपुर खीरी।
शहर के मोहल्ला हिदायतनगर निवासी सिपाही शकील खां और उसके भाई वन दरोगा मुसीर अहमद के घर का चोरों ने शनिवार की रात ताला तोड़ दिया। चोर दोनों स्थानों से 70 हजार रुपये और जेवर समेत करीब एक लाख का सामान ले गए। वनदरोगा के मकान में किराए पर रह रहे डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के परियोजना अधिकारी के कमरे का ताला भी तोड़ दिया, लेकिन चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा। रविवार की देर शाम सिपाही जब घर वापस लौटे तो दोनों घरों में चोरी होने की जानकारी हुई।
मोहल्ला हिदायतनगर निवासी मुसीर अहमद बेलरायां नार्थ रेंज में वनदरोगा हैं, जबकि उनके भाई शकील खां पुलिस महकमे में सिपाही है और सीओ गोला के दफ्तर में तैनात है। दोनों के मकान आमने-सामने हैं। वनदरोगा के मकान में ही डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के परियोजना निदेशक दबीर हसन भी परिवार समेत रहते हैं। वनदरोगा मुसीर अहमद ने बताया कि गांव अछनियां में परिवार में ही एक शादी थी, जिसमें दोनों भाइयों का परिवार चला गया, जबकि परियोजना निदेशक भी अपने परिवार के साथ गांव चले गए थे। 10 नवंबर को उनके भाई शकील खां भी गांव अछनियां चले आए। इसी बीच चोरों ने दोनों घरों के ताले तोड़ दिए। चोर सिपाही शकील खां के घर से 15 हजार रुपये, 250 ग्राम की एक पॉयल चुरा ले गए, जबकि वनदरोगा मुसीर अहमद के घर से 55 हजार रुपये और दो तोला सोना, दो जोड़ी पॉयल ले गए।
किराएदार परियोजना अधिकारी के कमरे का ताला तोड़कर सामान खंगाला, लेकिन नकदी-जेवर आदि न मिलने पर चोर लौट गए। पीड़ितों ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसएसआई कालीचरन गौड़ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
दोनों घरों से वाकिफ थे चोर
वन दरोगा मुसीर अहमद और सिपाही शकील खां के घर की जानकारी चोरों को पूरी तरह से थी। यहां तक उन्हें यह भी मालूम था कि कौन से कमरा बैठक का है और किस कमरे में किचन और किस कमरे में सेफ रखी हुई है। इसी वजह से चोरों ने सिर्फ बेड़ रूम और सेफ वाले कमरे का ही ताला तोड़ा।
कई दिनों से कर रहे थे रेकी
चोरों ने जिस तरह से घटना को अंजाम दिया उससे साफ है कि चोरों को दोनों के परिवार के बारे में पूरी जानकारी थी। 10 नवंबर की शाम सिपाही शकील खां घर में ताला डालकर निकले थे। 11 नवंबर की रात दोनों मकान में चोरी हो गई। इससे साफ है कि चोर कई दिनों से दोनों घरों की रेकी कर रहे थे।