- दोनों वाहन सीज, चालकों को मुचलके पर छोड़ा
चुनाव आयोग द्वारा गठित उड़नदस्ते ने गोमती तिराहे पर शुक्रवार सुबह छह बजे वाहनों की चेकिंग की। जिसमें उन्होंने एक पिकअप तथा डीसीएम से अलग-अलग चार लाख 68 हजार की नकदी के साथ दो को दबोचा।
पुलिस ने बताया कि आयोग के निर्देश पर उड़नदस्ते की टीम गोमती तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी शाहजहांपुर की ओर से आ रही डीसीएम तथा पिकअप को इशारा करके रोका, तलाशी लेने पर हुफैजा निवासी मोहल्ला देवीस्थान मोहम्मदी से चार लाख दो हजार की नई करेंसी तथा शहनूर निवासी बिजलीपुरा जिला शाहजहांपुर से 68,900 रुपये बरामद हुए। दोनों के पास रुपयों से संबंधित कागज न होने पर पुलिस ने वाहनों को सीज कर रुपया जब्त कर चालकों को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया। वहीं, एसडीएम नागेंद्र सिंह, कोतवाल जीएस पांडे ने बताया कि मामला इनकम टैक्स विभाग के सुपुर्द किया जा रहा है। उड़नदस्ते में मजिस्ट्रेट राजीव शर्मा, एसआई मनोज वर्मा, एसआई पारसनाथ यादव, एसएसआई तौफीस खां शामिल रहे। बताया जा रहा है कि इस मामले में समझौते की बात चल रही थी, लेकिन मजिस्ट्रेट के अड़ जाने पर मामला नहीं बना। यह भी चर्चा है कि यह लोग पशु तस्करी के धंधे में लिप्त हैं, जिनकी जानकारी स्थानीय पुलिस को भी है।