आबकारी तथा पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारकर राजामंडी कॉलोनी में शराब बनाने में प्रयोग होने वाला 16 हजार किलो लहन नष्ट किया। पुलिस ने साढ़े तीन सौ लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही 20 शराब की भट्ठियां पकड़ने का दावा किया है। 15 के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
सुआबोझ क्षेत्र में स्थित राजामंडी कॉलोनी में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाने का कारोबार किया जाता है। एसपी तथा डीएम के आदेश पर आबकारी तथा पुलिस ने संयुक्त रूप से राजामंडी कॉलोनी में छापा मारा। पुलिस बल को देख कॉलोनी के लोग घरों से भाग निकले। पुलिस ने कॉलोनी में शराब बनाने के लिए एकत्र किया गया लगभग 16 हजार किलो लहन नष्ट किया। मौके से साढ़े तीन सौ लीटर कच्ची शराब बरामद की और शराब बनाने की बीस भट्ठियां नष्ट कीं। इसके अलावा लहन रखने तथा शराब बनाने के काम में प्रयुक्त होने वाले बीस ड्रम तथा पचास पीपे बरामद किए गए। ड्रमों, पीपों तथा शराब बनाने के उपकरणों को टीम थाने ले आई। छापे में कोई भी व्यक्ति टीम के हाथ नहीं लगा। आबकारी निरीक्षक सदर संतोष कुमार ने बताया कि इस मामले में राजामंडी कॉलोनी के सत्य कुमार, जय कुमार, राजू, वेदू, अवधेश, कल्लू, पारस, विजय, जमुना, गोलू, जितेंद्र, सचिन पुत्र गंजा, सचिन पुत्र किस्ना, खुशालू, सोनू के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है। टीम में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर एसएन द्विवेदी, आबकारी निरीक्षक गोला विनय कुमार निमेष, एसआई पुनीत सिंह बड़ी संख्या में पुलिस तथा आबकारी जवान और महिला कांस्टेबिल भी शामिल रहीं।