सड़क हादसों में तीन कांवड़ियों की मौत, दो घायल
थाना हैदराबाद और गोला क्षेत्र में हुए हादसे
लखीमपुर, फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर के रहने वाले थे कांवड़िए
अमर उजाला ब्यूरो
गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। थाना हैदराबाद क्षेत्र में दो और गोला क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुए सड़क हादसों में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन कांवड़िया घायल हो गए। मृतक कांवड़िए सदर कोतवाली लखीमपुर के अलावा फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर जिले के निवासी थे। सभी गंगाजल की कांवड़ लेकर छोटी काशी गोला आ रहे थे।
सोमवार को शाहजहांपुर से कांवड़ियों का 35 सदस्यों का एक जत्था गोला शिव मंदिर जा रहा था। गोला मोहम्मदी मार्ग पर थाना हैदराबाद क्षेत्र में मूड़ाभाई के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से जत्थे में शामिल थाना पुवायां के गांव बनियानी निवासी 21 वर्षीय हिमांशू शुक्ला घायल हो गया। घायल को सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरा हादसा भी थाना हैदराबाद क्षेत्र में हुआ। ग्राम झारा के पास एक बाइक पर सवार तीन कांवड़ियों की ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय सर्वेश कुमार, 30 वर्षीय प्रवीण और 18 वर्षीय टीटू निवासी ग्राम दिलावल जिला फर्रुखाबाद घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने सर्वेश को मृत घोषित कर दिया। गोला क्षेत्र में रविवार की रात लखीमपुर मार्ग पर कावंड़ियों के जत्थे में शामिल का 21 वर्षीय सुरेंद्र निवासी रामापुर सदर कोतवाली लखीमपुर अचानक गिर गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोला मोहम्मदी मार्ग पर ग्राम पिपरियाधनी के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से उस पर सवार कांवड़िया 22 वर्षीय शिवमंगल का पैर टूट गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल शिवमंगल, प्रवीण और टीटू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। 00
सुरक्षा के दावों की निकली हवा, अब तक छह कांवड़ियों की मौत
विभिन्न हादसों में 15 कांवड़िया हो चुके हैं घायल
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए करीब एक माह पहले ही सभी डीएम को आदेश जारी कर दिए थे, जिसके बावजूद पुलिस-प्रशासन संजीदा नहीं हुआ। नतीजतन 24 घंटे में तीन कांवड़ियों की मौत ने शिवभक्तों को झकझोर दिया है। कांवड़ियों के साथ हो रही घटनाओं ने पुलिस-प्रशासन के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
10 अगस्त को थाना ईसानगर क्षेत्र में कांवड़ियों के साथ दो हादसे हुए। पहले हादसे में घाघरा नदी से जल भरने जा रही कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली रायपुर के पास हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई, जिसमें घनश्यामपुरवा निवासी रामजीवन की मौत हो गई, जबकि 11 कांवड़िए झुलस गए थे। दूसरे हादसे में सदर कोतवाली के गांव रामापुर निवासी दिनेश थाना ईसानगर के खमरिया क्षेत्र में ट्रॉली की चपेट में आकर मौत हो गई थी। परिवार वालों ने डाक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में हंगामा भी किया था। तीसरा हादसा भीरा पलिया हाईवे पर हुआ, जिसमें नयापुरवा मझगई निवासी अजय की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे अजय की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार से लेकर सोमवार की शाम तक हैदराबाद और गोला क्षेत्र में हुईं तीन कांवड़ियों की मौत से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं में अब तक 15 कांवड़िया घायल हो चुके हैं। हालांकि इन हादसों से कांवड़ यात्रा पर कोई फर्क नहीं पड़ा है, बल्कि शिवभक्ति से ओतप्रोत कांवड़ियों के जत्थों की संख्या बढ़ रही है।
00
अब तक इन कांवड़ियों की हो चुकी मौत
10 अगस्त: थाना ईसानगर क्षेत्र में कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली एचटी लाइन से छूने से कांवड़िया रामजीवन की मौत, 11 झुलसे।
11 अगस्त: भीरा हाईवे पर मझगईं निवासी 16 वर्षीय अजय की अज्ञात वाहन से कुचलकर मौत।
11 अगस्त: सदर कोतवाली के भंसडिया चौराहा पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर रामापुर निवासी 20 वर्षीय दिनेश कुमार की मौत।
12 अगस्त: थाना हैदराबाद क्षेत्र में शाहजहांपुर के कांवड़िया हिमांशू शुक्ला की मौत।
12 अगस्त: थाना हैदराबाद क्षेत्र में फर्रुखाबाद निवासी सर्वेश कुमार बाथम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर मौत, दो घायल
12 अगस्त: गोला क्षेत्र में लखीमपुर मार्ग पर कांवड़िया 21 वर्षीय सुरेंद्र निवासी रामापुर सदर कोतवाली लखीमपुर की मौत।
वर्जन.....
कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी तहसीलों के एसडीएम और थाना/कोतवालियों के प्रभारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। कांवड़ियों के जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम
00
छह कांवड़िए जख्मी जिला अस्पताल रेफर
मोहम्मदी। सावन के तीसरे सोमवार पर कांवड़ियों की उमड़ी भीड़ सड़कों पर रही। सोमवार दोपहर साढ़े ग्यारह बजे के करीब शाहजहांपुर रोड पर शंकरपुर चौराहा के पास पैदल कांवड़ लेकर चल रहे 60 वर्षीय टिक्कन निवासी हरियावां हरदोई को बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। गोला मार्ग पर बाइक फिसलने से कांवड़िया 28 वर्षीय दिनेश और उसकी 26 वर्षीय पत्नी रोजी निवासी राजेपुर फर्रूखाबाद घायल हो गए। इसके अलावा फर्रुखाबाद के थाना मऊ क्षेत्र के 25 लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से गोला जा रहे थे। दयानतपुर के पास बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रॉली खाई में चली गई, जिससे दीप सिंह, पंकज और अतुल जख्मी हो गए। सभी घायलों को सीएचसी मोहम्मदी में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया।