बाग में मिला लापता युवक का शव, हत्या की आशंका
सिम टूटा मिला, मोबाइल बैटरी भी अलग थी पड़ी
27 अप्रैल को बहन की थी शादी, निकला था बाइक खरीदने
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी।
सदर कोतवाली के गांव देवरिया निवासी कार पेंटर 35 वर्षीय रामनरेश उर्फ गुड्डू का गांव के ही निकट एक बाग में शुक्रवार की सुबह शव बरामद हुआ। वह अपनी बहन के शादी के कार्ड बांटने और बहन को देने के लिए नई बाइक खरीदने बृहस्पतिवार की सुबह घर से निकला था। शव पर कोई चोट आदि के निशान नहीं है। शव के पास में उसके मोबाइल की बैटरी अलग पड़ी थी। सिम भी टूटा हुआ पड़ा था। पास में चप्पलें, चार प्लास्टिक के गिलास और तीन पानी के खाली पाउच पड़े थे और सल्फास की एक गोली भी पड़ी थी। घरवालों ने हत्या की आशंका जताई है।
गांव गड़रुवा निवासी कमलेश ने बताया कि उसकी बहन सुशीला देवी की शादी थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव रायपुर बुजुर्ग से तय हुई है। 27 अप्रैल को बहन की बारात आनी है। घर में शादी की तैयारी जोरों पर चल रही थी। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे भाई कार्ड बांटने और दहेज में देने के लिए बाइक खरीदने के लिए रामनरेश उर्फ गुड्डू घर से निकला था। गुड्डू ने बताया था कि उसे बाबू जी से 50 हजार रुपये लेने हैं। आज बाबू जी ने पैसा देना का वादा किया है। बाबूजी कहां रहते हैं और कैसा पैसा था। इस बात को भाई ने नहीं बताया। न ही घरवालों ने इस बारे से उससे कोई जानकारी ली। शाम तक जब भाई घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह गांव के रजनीश और विनोद शौच कर वापस लौटे तो गांव के बाहर स्थित जिंद बाबा की मजार के पास एक बाग में भाई गुड्डू का शव पड़ा देखा। दोनों ने इसकी जानकारी घर वालों को दी तो परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। शव देख घर वालों में कोहराम मच गया। सूचना पर एलआरपी चौकी इंचार्ज अनिल कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौका वारदात का निरीक्षण कर मौके पर मिले सिम आदि को कब्जे में लिया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
परिस्थितिजन्य साक्ष्य हत्या की ओर कर रहे इशारा
बाग में जिस स्थान पर गांव देवरिया निवासी रामनरेश उर्फ गुड्डू का शव पड़ा था। उस जगह पर मोबाइल का सिम टूटा पड़ा था। बैटरी भी बाहर निकली अलग पड़ी थी। शव के पास ही घर से जिस प्लास्टिक थैली में कागज और कार्ड लेकर वह निकला था। वह भी वहीं पर पड़ी थी। चार प्लास्टिक के गिलास और तीन पानी के पाउच भी थे। इसके अलावा सल्फास की एक गोली भी पड़ी थी। इससे साफ है कि बाग में तीन अन्य लोग भी घटना के वक्त मौजूद थे। सल्फास की गोली मिलना, सिम टूटा और मोबाइल से बैटरी अलग होना सहित कई ऐसे मौके पर परिस्थितिजन्य साक्ष्य थे, जो हत्या होने की ओर इशारा कर रहे थे।
पैसे की खातिर मारा गया
गांव गड़रुवा निवासी कमलेश और उसके परिवार के लोगों की आशंका है कि रामनरेश को जिस से पैसा लेना था। उसी व्यक्ति ने पैसा न देना पड़े इसके लिए उसकी हत्या कर दी है। परिवार और उसके भाई की किसी से कोई रंजिश नहीं है। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ भाई की हत्या होने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शव पर कोई बाहरी चोट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ हो सकेगी। तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
- अशोक कुमार पांडेय, सदर कोतवाल