पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 10 लाख 14 हजार रुपये ठगने के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया है।
एसओ महेंद्र सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र की कुकरा चौकी के गांव बलारपुर निवासी भूपेंद्र सिंह ने 24 अक्तूबर 2017 को पुलिस को तहरीर दी थी, जिसमें लिखा था कि उसने अपने रिश्तेदार हरदयाल सिंह से विदेश जाने के संबंध में बात की, तो दिसंबर 2015 में हरदयाल सिंह अपनी पत्नी बलजिंदर कौर, अल मुआज्जम टूर एंड ट्रेवल्स, नौरंगाबाद, लखीमपुर के संचालक हाजी मोहम्मद इकबाल, इकबाल की पत्नी और इकबाल के पुत्र जैैनुल खां के साथ उसके घर आए और आरोपियों ने कनाडा भेजने की बात 14 लाख रुपये में तय की और चार लाख रुपये उसी दिन नगद और पासपोर्ट ले लिया। इसके बाद हाजी इकबाल के बताने पर चार जनवरी 16 को एक लाख 14 हजार अल मुआज्जम टूर एंड ट्रेवल्स के खाते में, 23 मार्च 16 को दो लाख, 4 अप्रैल 16 को एक लाख औैर 5 सितंबर 16 को दो लाख रुपये खाते से आरटीजीएस से जमा किए। तब आरोपियों ने उसे कनाडा एंबेसी का एक लेटर थमा दिया, जोकि चेक कराने पर फर्जी निकला। पुलिस ने पांचों के खिलाफ धारा 406, 419, 420 के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
मुखबिर की सूचना पर एसओ महेंद्र सिंह और चौकी इंचार्ज संसारपुर ने पुलिस बल के साथ आरोपी हरदयाल सिंह औैर हाजी मोहम्मद इकबाल को सुबह साढ़े छह बजे विकास चौराहा, गोला से गिरफ्तार कर लिया। एसओ ने बताया कि आरोपियों का चालान कर न्यायालय भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने रुपये ठगने के साथ ही वादी को कनाडा एंबेसी के फर्जी कागजात भी दिए थे। उन्होंने बताया कि विदेशी एंबेसी के फर्जी कागजात बनाने की धाराएं भी मुकदमे में बढ़ाई जाएंगी।