सिद्धेश्वरी देवी मंदिर में आठ जुलाई को हुई तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर और भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने 22 जुलाई को डीएम से मिलकर कार्रवाई के मांग करने के लिए रणनीति बनाई है। गुरुवार को मढ़ियाघाट पहुंचकर दोनों नेताओं ने सभा की और 22 जुलाई को डीएम दफ्तर पहुंचने का आह्वान किया।
मालूम हो कि सिद्धेश्वरी देवी मंदिर में महायज्ञ के दौरान अराजकतत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं में कार्रवाई न किए जाने और सांसद जुगुल किशोर समेत 250 अज्ञात लोगों के विरुद्ध नेशनल हाइवे जाम किए जाने का मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में 22 जुलाई को डीएम दफ्तर के समक्ष अपनी मांगों को लेकर संत महात्माओं ने प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसकी तैयारियों के लिए हुई जनसभा में भाकियू अवध मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान, महंत राघवेंद्रानंद सरस्वती, संस्थाध्यक्ष मुनीशानंद सरस्वती मढ़ियाघाट ने भी संबोधित किया। इस मौके पर कुलभूषण, रामकुमार गुप्ता, विनोद शुक्ला, अतुल शुक्ला, नितिन मिश्रा, गौरव मिश्रा, लाडी ग्रेवाल, रामशंकर शुक्ला समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता और लोग मौजूद रहे।