धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के सरसवा गांव निवासी एक महिला ने शनिवार को अपने पति की शिकायत यूपी 100 पर की। जब पुलिस पहुंची तो उसका पति घर पर नहीं मिला। सिपाहियों ने उसके देवर को पकड़ लिया। देवर ने जब पकड़े जाने की वजह पूछी तो भड़के सिपाहियों ने उसे तब तक पीटा जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। घर वालों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
ग्राम सरसवा निवासी इशहाक और उसकी पत्नी समरूना के बीच आपसी विवाद हो गया। जिस पर इसहाक ने अपनी पत्नी की पिटाई कर दी, जिसकी शिकायत उसकी पत्नी समरुना ने फोन पर यूपी 100 को दी। शिकायत पर शनिवार शाम सात बजे पहुंची यूपी 100 पुलिस के जवानों ने इशहाक की तलाश की। वह घर पर नहीं मिला तो उसके भाई को नसीर को पकड़ लिया। नसीर ने जब पकड़ने का कारण पूछा तो भड़के सिपाहियों ने उसे तब तक पीटा जब तक वह बेसुध नहीं हो गया। बेहोश होने पर दोनों पुलिस वाले उसे छोड़ कर बाइक सहित भाग गए। चोटिल नसीर को उनके परिवार के लोग जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के बाद डॉक्टर ने उसे छुट्टी दे दी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। हालांकि प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने तहरीर मिलने की जानकारी से इंकार किया है। उन्होंने बताया कि प्रकरण कि उन्हें जानकारी नहीं है। जानकारी कराने पर यदि मामला सही पाया गया तो दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।