लखीमपुर खीरी/धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के चकलाखीपुर गांव में चोरों ने कई घरों को निशाना बनाया। दो घरों से चोरों ने करीब 71 हजार की नकदी सहित लाखों का माल साफ कर दिया। इसके अलावा प्रधान समेत दो घरों में चोरी का प्रयास किया गया, जहां परिवार वालों के जागने पर चोरों को उल्टे पैर भागना पड़ा।
गांव चकलाखीपुर निवासी किसान उमेश लोधी के घर की दीवार फांदकर चोर घर में दाखिल हुए, जिसके बाद मेन गेट का दरवाजा खोलकर अन्य साथियों को अंदर बुला लिया। इसके बाद चोरों ने चार कमरों के ताले तोड़े, फिर अलमारी में रखे 70 हजार रुपये, सोने की झुमकी, नथनी, मटरमाला समेत सारे जेवर और कीमती बर्तन और कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद जाते समय चोर 10 लीटर मेंथा आयल भी ले गए। इस दौरान गृहस्वामी समेत पूरा परिवार छत पर सो रहा था। इसके बाद इसी गांव के सियाराम के घर भी चोर घुसे, जहां से एक हजार रुपये सहित बर्तन-कपड़े चुरा ले गए। चोरी की तीसरी वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने गांव के प्रधान अनिल पांडेय के घर के मेन गेट का चैनल काटना शुरू किया, जिसकी आहट पाकर परिवार वाले जाग गए। तो यहां से चोर भाग निकले। चौथी घटना में गांव के ही राजेंद्र पांडेय के घर में भी चोर दाखिल हुए, लेकिन परिवार के जाग जाने से यहां भी चोर भाग निकले। हालांकि बाहर खड़े ट्रैक्टर की बैटरी चोर ले जाने में सफल हो गए। पीड़ित गृहस्वामियों ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। कोतवाल दीपक शुक्ला के मुताबिक उमेश की तहरीर मिली है, जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
दस दिन पूर्व हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं
धौरहरा। 10 दिन पहले भी चोरों ने इसी गांव के अर्मिका भार्गव के घर से 10 हजार की नकदी सहित हजारों का कीमती सामान चोरी कर लिया था। यूनुस के घर से मोबाइल, कपड़े, बर्तन और प्रताप गुप्ता के घर से 15 हजार की नकदी सहित सामान चोरों ने पार कर दिया था। इन मामलों में तहरीर दिए जाने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। बताते चलें कि चकलाखीपुर गांव के पास ही मुराउनपुरवा गांव में पुलिस पिकेट है। पुलिस का दावा है कि चकलाखीपुर गांव में रोज गश्त भी होती है।