बीसलपुर (पीलीभीत)। कोतवाली क्षेत्र के गांव खरगापुर निवासी 22 वर्षीय विवाहित रवींद्र कुमार की गाजियाबाद के लाल कुंआ इलाके में रविवार को दीवार के मलबे में दबकर मौत हो गई। शव आते ही घर में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खरगापुर निवासी सुरेश पाल ने बताया कि उनका 22 वर्षीय विवाहित पुत्र रवींद्र गाजियाबाद में किराए के मकान में रहकर राजमिस्त्रियों के साथ मजदूरी करता था। रवींद्र 17 जून को गाजियाबाद के लाल कुंआ इलाके में निर्माणाधीन मकान में राजमिस्त्रियों के साथ मजदूरी का कार्य कर रहा था। शाम को बनाई गई दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे से दबकर रवींद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गाजियाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर उसके घर वाले रविवार को सुबह गाजियाबाद पहुंच गए थे। घर वाले बेहतर इलाज के लिए रवींद्र को बरेली ला रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। रविवार को रात लगभग एक बजे शव घर आ गया। शव आते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक के पिता सुरेश पाल, पत्नी नन्हीं देवी, पुत्र अनिकेत, पुत्री देवो, भाई सतेंद्र, ओवेंद्र, मुनेंद्र, अनंगपाल और बहन रोली का रोते-रोते बुरा हाल हो रहा है। सोमवार को दोपहर गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।