ड्रिप चढ़ाने के बाद मांगे 40 हजार, नोटिस जारी
एसीएमओ को कागजात नहीं दिखा सका अस्पताल संचालक
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। किशोरी को ड्रिप चढ़ाने के बाद अस्पताल संचालक द्वारा 40 हजार रुपये की मांग करना महंगा पड़ गया। पीड़िता के पिता ने मामले की शिकायत सीएमओ से की। इस पर उन्होंने मामले की पड़ताल के लिए एसीएमओ को मौके पर भेजा। बताते हैं कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल संचालक अस्पताल संबंधी कोई कागजात नहीं दिखा सके। इस पर उन्होंने अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
अंदेशनगर के पास स्थित गांव नंबर तीन निवासी टुन्नू सिंह की 17 वर्षीय पुत्री पुष्पा की अचानक तबियत बिगड़ गई। इस पर उसे बिजुआ बस अड्डे के पास स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गए। वहां मौजूद डॉक्टर ने उसे ड्रिप चढ़ा दी और उसके बाद उनसे 40 हजार रुपये की मांग की। इतने रुपये मांगे जाने से नाराज टुन्नू ने इसकी शिकायत सीएमओ से की। उन्होंने एसीएमओ डॉ.अश्वनी कुमार को मौके पर भेजा। अस्पताल पहुंचकर एसीएमओ ने जब पंजीकरण संबंधी कागजात मांगे तो वह बगले झांकने लगे। एसीएमओ ने भर्ती किशोरी को वहां से डिस्चार्ज करवाते हुए अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस संबंध में एसीएमओ डॉ.अश्वनी कुुमार का कहना है कि डॉक्टर अपने पास आयुर्वेद की डिग्री होने की बात कह रहे हैं, लेकिन अस्पताल पंजीकरण संबंधी प्रपत्र नहीं दिखा सके। नोटिस जारी कर जवाब मांगा है, जवाब न मिलने पर मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा।