मैलानी। भीरा रोड एक दिन बाद फिर खून से लाल हो गया। बृहस्पतिवार के बाद शनिवार को फिर इस रोड पर हादसे में दो लोग जख्मी हुए हैं और दोनों घटनास्थल की दूरी भी अधिक नहीं है।
बृहस्पतिवार को इसी रोड पर कुरियानी गांव के पास मैजिक और कार की भिंड़ंत में आठ लोग जख्मी हुए थे, जिनमें दो की हालत गंभीर थी। लोग इस घटना को भूले भी न थे कि शनिवार को भीरा रोड पर फिर सड़क हादसा हो गया। घटना का समय भी कुरियानी हादसे की तरह साढ़े तीन बजे ही रहा। जख्मी बाइक सवार 45 वर्षीय छोटे लाल निवासी पिपरा पटिहन थाना सेहरामऊ उत्तरी पीलीभीत ने बताया कि वह बाइक से मैलानी से चलतुआ गांव जा रहा था। भीरा रोड से जैसे ही वह चलतुआ लिंक मार्ग की ओर मुड़ा, पीछे से आ रही एक इनोवा ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और बाइक पर सवार 60 वर्षीय लालचंद्र निवासी चलतुआ थाना सेहरामऊ उत्तरी भी घायल हो गए। घटना के बाद इनोवा दाहिनी तरफ लगे माइल स्टोन से टकराकर रुक गई। दुर्घटना के बाद इनोवा सवार मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को पीएचसी भेजा, जहां से दोनों को सीएचसी रैफर कर दिया गया। इनमें लालचंद्र की हालत गंभीर है।