फोटो-24एलकेएच203 और 204
य़ुवक की हत्या कर शव गन्ने के खेत में फेका
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई गला दबाकर हत्या की पुष्टि
अमर उजाला ब्यूरो
ममरी (लखीमपुर खीरी)। हैदराबाद थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में 40 वर्षीय राकेश गौतम का शव बुधवार की सुबह गन्ने के खेत में पड़ा मिला। परिवार वालों ने शव देखते ही हत्या की आशंका जताई थी। वहीं शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाकर हत्या बताया गया है।
गांव पिपरा निवासी राकेश गौतम का शव बुधवार की सुबह पिपरा, दशरथपुर गांव के बीच हरिशंकर के गन्ने के खेत में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। मृतक के गले और कान में चोट के जाहिरा निशान थे, उसकी साइकिल और चप्पलें पास में पड़ी मिलीं। मृतक की विवाहिता पुत्री बबली, भाई सुरेशचंद ने बताया कि राकेश की पत्नी कमलेश कुमारी रिश्तेदारी में गई थी। परिवार वालों के अनुसार, मंगलवार की शाम चार बजे राकेश बाजार से दराती लाने को कहकर घर से निकला था। जो देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार की सुबह राकेश का शव दशरथपुर और पिपरा गांव के बीच रोड से सटे हरिशंकर के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है, लेकिन किसी से रंजिश होने से इनकार किया है। मृतक अपने पीछे पत्नी, चार पुत्रियां और एक बेटा छोड़ गया है, जिनका रो-रो कर बुरा हाल है। उधर इस बाबत इंस्पेक्टर एसके सिंह ने बताया कि मृतक के भाई सुरेश चंद्र की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की जाएगी।