फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाइक सवार पल्लेदारों को पीटा, एक को गोली मारी

विज्ञापन
विज्ञापन
19 एलकेएच 6, 7
विज्ञापन


बाइक सवार पल्लेदारों को पीटा, एक को गोली मारी
देर से पहुंची पुलिस तो भड़के लोग, गाड़ी तोड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
सिकंद्राबाद (लखीमपुर खीरी)। गोला राइस मिल से लौट रहे बाइक सवार पल्लेदारों को थाना नीमगांव क्षेत्र में गुलौला मोड़ पर हमलावरों ने रोककर पिटाई की और एक पल्लेदार उमेश को गोली मार दी। लोगों ने लूट के प्रयास में गोली मारकर बदमाशों के भागने की सूचना पुलिस को दी। यूपी 100 पुलिस और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के देर से पहुंचने पर गुस्साए लोग भड़क गए और यूपी 100 वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। पड़ताल में जमीन को लेकर रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने जख्मी युवक के पिता की तहरीर पर हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना नीमगांव के गांव सुनौरा निवासी सुनील ने बताया कि वह गांव के ही उमेश और पप्पू के साथ गोला गोकर्णनाथ स्थित एक राइस मिल में पल्लेदारी करता है। गुरुवार की शाम बाइक से घर लौट रहे थे। पप्पू बाइक चला रहा था, जबकि वह बीच और उमेश पीछे बैठा हुआ था। शाम करीब साढ़े आठ बजे जब वह लोग गुलौला मोड़ पर पहुंचे तो एक बाइक बीच सड़क पर आड़े तिरछी खड़ी थी। वह जब तक कुछ समझ पाते कि इसी बीच नकाबपोश तीन बदमाशों ने उन्हें असलहों के बल पर रोक लिया। एक बदमाश ने सुनील की कनपटी पर तमंचा रख कर दिया। दो बदमाश हाथ बांधने लगे। उमेश ने हिम्मत दिखाई और वह बदमाशों से भिड़ गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने उमेश को गोली मार दी और बाइक से तीनों बदमाश भाग निकले। गोली उमेश के पेट में जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। लोगों ने गोली मारे जाने की सूचना यूपी 100 पुलिस और नीमगांव पुलिस को दी। सूचना पर यूपी 100 की पुलिस पहले पहुंच गई। आधे घंटे बाद भी नीमगांव पुलिस के मौके पर न आने से नाराज लोगों ने यूपी 100 पुलिस से अभद्रता शुरू कर दी। सिपाहियों ने जब विरोध किया तो लोग उग्र हो गए और पीआरवी में तोड़फोड़ कर दी। इससे वहां भगदड़ मच गई। इसी बीच मौके पर सीओ मितौली प्रदीप सिंह, नीमगांव प्रभारी निरीक्षक पान सिंह और सिकंद्राबाद चौकी इंचार्ज केके यादव मौके पर पहुंच गए। लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और घायल को सरकारी जीप से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। घायल को लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घायल के पिता बिंद्रा प्रसाद की तहरीर पर गांव के ही सुरेश, राजेश, कमलेश और बलराम के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन

------------------
युवक के भड़काने पर उग्र हुए ग्रामीण
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि जब यूपी 100 टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक ने कहा, पुलिस इतनी देर में आई है। इन सबको मारो। युवक के चिल्लाने पर ग्रामीण भड़क गए और यूपी 100 पुलिस के वाहन पर ईंट पत्थर फेंकने लगे। पुलिस का मानना है कि युवक ने ही पब्लिक को भड़काया।
-------------
थाना नीमगांव क्षेत्र में चली गोली की पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। मामले में एक युवक की भूमिका पब्लिक को भड़काने की मिली है, जबकि घायल के साथियों के अलग-अलग बयान भी घटना को संदिग्ध बना रहे हैं। फिलहाल घायल के पिता की तहरीर पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी और दोषी जेल भेजे जाएंगे।
विज्ञापन

- रामलाल वर्मा, एसपी
------------
घर में घुसकर हजारों की चोरी
सिकंद्राबाद। कसबा निवासी मुकेश गुप्ता ने बताया कि वह परिवार समेत बृस्पतिवार की रात घर में सो रहे थे। रात में छत के सहारे चोर घर में घुस आए। गृहस्वामी मुकेश गुप्ता ने बताया कि चोर कमरों की कुंडी खोलकर घर में रखी 52 हजार रुपये की नकदी और जेवर चोरी कर ले गए। घटना की सूचना सुबह चौकी पुलिस को दी है। चौकी प्रभारी केके यादव ने बताया कि सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें