बेलरायां खीरी (लखीमपुर खीरी)। वन माफिया के घर शनिवार की शाम हुई छापेमारी के बाद बेलरायां पार्क रेंज में वन माफिया रमेश वर्मा समेत पांच लोगों को नामजद कर छह अज्ञात के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। वन विभाग ने पकड़े गए आरोपी का चालान कर फरार अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बतादें कि शनिवार की शाम दुधवा टाइगर रिजर्व की बेलरायां रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार कश्यप ने थाना सिंगाही और कोतवाली तिकुनियां पुलिस के साथ बेलरायां के मोहल्ला कुशाही निवासी वन माफिया रमेश वर्मा के घर पर छापा मारा था। छापे की कार्रवाई लीक हो जाने से वन माफिया टीम के हाथ नहीं लगा था, लेकिन टीम ने थाना सिंगाही के गांव निबौरिया निवासी प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया था। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि छापे के दौरान टीम ने वन माफिया के घर से साल की लकड़ी के छह बोटा, साल की लकड़ी के 30 नग चिरान, दो साइकिलें, फर्नीचर बनाने और लकड़ी फाड़ने के औजार बरामद किए थे। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने वन माफिया रमेश वर्मा, कमाल अहमद, सलीम, फिरोज और प्रमोद को नामजद कर छह अज्ञात लोगों के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। टीम ने गिरफ्तार किए गए प्रमोद का चालान कर दिया है।
00000000000000000000
30 से 40 केस हैं दर्ज
वन क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार कश्यप ने बताया कि वन माफिया रमेश वर्मा, कमाल, सलीम, फिरोज पर 30 से 40 मामले वन अधिनियम के दर्ज हैं। सभी बेलरायां के मोहल्ला कुशाही के निवासी हैं। इन आरोपियों पर वर्ष 2009 में गैंगेस्टर की भी कार्रवाई हो चुकी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में वार्डेन वाईपी शुक्ला ने छापा मारकर वन माफिया रमेश के घर से साखू और सागौन की एक ट्रक लकड़ी बरामद की थी। वन विभाग सभी फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
00000000