फरधान (लखीमपुर खीरी)।
मुंडन संस्कार में शामिल होने आ रहे दो ग्रामीणों को बदमाशों ने गांव चिन्हारपुर के पास असलहों के बल पर रोक लिया और लूटपाट करने लगे। इसी बीच पीछे से बाइक चालक का साला बालगोविंद आ गया और वह लुटेरों से भिड़ गया। शोरशराबा करने पर लुटेरों ने बालगोविंद को तमंचे से गोली मार दी और भाग निकले। गोली उसके हाथ में लगी। इसी बीच पहुंचे ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक लुटेरे को दबोच लिया और पेड़ में बांधकर उसकी पहले जमकर पिटाई की। बाद में मौके पर पहुंची फरधान पुलिस को सौंप दिया।
गोला कोतवाली के गांव सोनारीपुर निवासी हरिनाम और ओमकार बाइक से फरधान क्षेत्र के गांव खानपुर स्थित रिश्तेदारी में मुंडन संस्कार में शामिल होने आ रहे थे। हरिनाम ने बताया कि चिन्हारपुर में अपने साले बालगोंविद से साथ चलने की बात कह वह घर से पहले निकल लिए। जैसे ही वह गांव के बाहर पहुंचे तीन लुटेरों ने असलहों के बल पर बाइक रोक ली और लूटपाट करने लगे। इसी बीच पीछे से बालगोविंद भी आ गया और वह बदमाशों से भिड़ गया। शोरशराबा करने पर ग्रामीण भी दौड़ पड़े। खुद को घिरता देखकर लुटेरे भागने लगे, लेकिन बालगोंविद ने एक लुटेरे को पकड़ लिया। उसके चुंगल से मुक्त होने के लिए लुटेरे ने गोली चला दी, जिससे उसकी दाएं हाथ के अगूंठे के पास की अंगुली छलनी हो गई। लुटेरा भाग पाता इससे पहले ग्रामीणों ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया और पेड़ में बांधकर जमकर धुना। सूचना पर यूपी 100 और फरधान एसओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के साथ फरार अन्य बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग न लगा। पकड़ा गया लुटेरा इश्हाक फरधान थाने के बरखेरवा गांव का है। हरिनाम की तहरीर पर इश्हाक और दो अज्ञात के बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पुलिस खंगाल रही इश्हाक की हिस्ट्री
पुलिस ने बताया इश्हाक पर फरधान, गोला सहित अन्य थानों में लूट, चोरी, मारपीट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पिछले साल अवैध तमंचे की फैक्ट्री के साथ पकड़ा गया था। एक साल पहले ही वह जेल से छूट कर आया है। पुलिस उसकी क्राइम हिस्ट्री को खंगाल रही है।
एक बदमाश को पकड़ा गया है। इश्हाक और फरार दोनों अज्ञात बदमाशों पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फरार दोनों बदमाशों की तलाश की जा रही है।
-शिवानंद यादव, एसओ फरधान