गुलरिया/ बिजुआ।
गांव देवरिया अलीगंज स्थित मायके में रह रही 52 वर्षीय विधवा रामबेटी उर्फ चमेली देवी की शुक्रवार की रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वाले शनिवार को अंत्येष्टि करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच मृतका के देवर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चिता बुझाकर शव बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देवर राजेंद्र ने भाभी के मायके वालों पर हत्या का शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
मामला भीरा थाना क्षेत्र के अलीगंज-देवरिया का है। तिखड़ा निवासी रामासरे की मौत करीब नौ महीने पहले हो गई थी। रामासरे के कोई औलाद नहीं थी। पति की मौत के बाद पत्नी चमेली अकेली रह गई थी। पति के हिस्से की करीब साढ़े चार बीघा जमीन पत्नी चमेली के नाम आ गई थी। ससुराल में कोई पुरसाहाल न होने एवं लगातार बीमार रहने से चमेली के मायके के लोग उन्हें अपने साथ घर आए थे। बताते हैं चमेली देवी बीमार रह रही थीं, इसलिए उन्होंने अपनी जमीन में से डेढ़ बीघा जमीन शुक्रवार को ही बेच दी थी। अचानक शनिवार की रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना जब ससुराल तिखड़ा पहुंची तो ससुराली पक्ष ने चमेली देवी की सामान्य मौत होने पर शक जताया। देवर राजेंद्र ने भीरा थाने पहुंचकर एसओ संदीप सिंह से अपनी भाभी चमेली की मौत को असामान्य बताते हुए पोस्टमार्टम कराने की अपील की। पुलिस ने तहरीर लेकर बिजुआ चौकी इंचार्ज को तुरंत मौके पर रवाना किया।
चौकी इंचार्ज मनोज सिंह जब अलीगंज देवरिया पहुंचे तो शव को चिता पर रखा जा चुका था। चौकी प्रभारी ने शव चिता से उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।